ई-रिक्शा पर सफर के दौरान महिला की सोने की चेन गायब, तीन महिलाएं पर शक
विक्की मध्यानी
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से सफर कर रही एक महिला को शातिराना अंदाज में निशाना बनाकर करीब 16 ग्राम सोने की चेन उड़ा ली गई। पीड़िता को शक है कि महावीर मंदिर के पास से ई-रिक्शा में बैठीं तीन महिलाएं और उनके साथ मौजूद एक मूक बच्ची ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला:
चंदमारी VDA कॉलोनी निवासी पूनम सिंह, पत्नी स्वर्गीय धर्मेंद्र सिंह, बीते दिनों ईएसआईसी अस्पताल से पेंशन संबंधी कार्य निपटाकर ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। दोपहर करीब 2:30 बजे के बीच महावीर मंदिर के आगे से तीन महिलाएं एक मूक बच्ची के साथ उसी ई-रिक्शा में बैठ गईं। पूनम के मुताबिक महिलाओं की हरकतें संदिग्ध लग रही थीं और उन्हें असहज महसूस हो रहा था।
ऐसे हुई चेन गायब:
पूनम अर्णा मेडिकल, भोजूबीर बाबा मंदिर के पास अपनी बेटी रितिका सिंह के साथ उतर गईं। घर पहुंचने पर उन्हें पता चला कि गले से 16 ग्राम सोने की चेन गायब है। पूनम ने बताया कि सफर के दौरान उन्हें गले में हल्की चुभन महसूस हुई थी, लेकिन साथ बैठी मूक बच्ची बार-बार उनके ऊपर चढ़ रही थी, जिससे उनका ध्यान बंट गया।
पुलिस ने शुरू की जांच:
पीड़िता की तहरीर पर शिवपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी के माध्यम से संदिग्ध महिलाओं की तलाश कर रही है।
पीड़िता की अपील:
पूनम सिंह ने पुलिस से गुहार लगाई है कि गिरोह को जल्द पकड़कर उनकी चेन बरामद की जाए और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
