वाराणसी। रक्तदान को महादान कहा जाता है, लेकिन कभी-कभी परिस्थितियाँ ऐसी बन जाती हैं
जब एक ही अवसर पर दो लोगों के जीवन को बचाने का माध्यम बनने का सौभाग्य प्राप्त होता है। ऐसा ही प्रेरणादायी कार्य आज साधना फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मौर्य द्वारा किया गया, जब उन्होंने एक ही दिन में एक यूनिट प्लेटलेट डोनेशन एवं एक यूनिट होल ब्लड डोनेशन कर कुल दो यूनिट रक्तदान संपन्न किया।
इस रक्तदान के साथ डॉ. सौरभ मौर्य का कुल रक्तदान आँकड़ा 228 यूनिट से बढ़कर 230 यूनिट हो गया। चिकित्सकीय जाँच में उनका हीमोग्लोबिन 17 ग्राम तथा प्लेटलेट काउंट 2 लाख 43 हजार पाए जाने के कारण उन्हें एक ही अवसर पर प्लेटलेट और संपूर्ण रक्त (Whole Blood) दोनों दान करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर डॉ. सौरभ मौर्य ने कहा कि “रक्तदान और प्लेटलेट दान का यह अवसर वास्तव में सौभाग्य की बात है। बहुत कम लोगों को ऐसी शारीरिक क्षमता और अवसर प्राप्त होता है कि वे एक ही समय में दो यूनिट रक्तदान कर सकें। मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूँ कि ईश्वर ने मुझे किसी जरूरतमंद के जीवन में आशा की किरण बनने का माध्यम बनाया है।”
उन्होंने बताया कि वाराणसी स्थित कैंसर अस्पतालों एवं अन्य चिकित्सा संस्थानों में प्रतिदिन अनेक ऐसे मरीज भर्ती रहते हैं जिन्हें रक्त और प्लेटलेट की तत्काल आवश्यकता होती है। विशेष रूप से कैंसर, थैलेसीमिया, डेंगू तथा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए प्लेटलेट डोनेशन जीवनदायिनी साबित होती है। इसी उद्देश्य से वे नियमित रूप से प्लेटलेट दान करते रहते हैं और लोगों को भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं।
डॉ. मौर्य ने युवाओं एवं समाज के सक्षम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि स्वास्थ्य अनुकूल हो तो प्रत्येक व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि “रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। आपका थोड़ा सा समय और एक यूनिट रक्त किसी परिवार की खुशियाँ लौटाने का कारण बन सकता है।”
साधना फाउंडेशन द्वारा वर्षों से रक्तदान जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है तथा जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त एवं प्लेटलेट उपलब्ध कराने के लिए स्वयंसेवकों का नेटवर्क सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। डॉ. सौरभ मौर्य का यह दोहरा रक्तदान समाज में सेवा, मानवता और परोपकार की भावना को और अधिक मजबूत करने वाला प्रेरक उदाहरण माना जा रहा है।


