भंडारे व सांस्कृतिक कार्यक्रम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
60 वर्षों से चली आ रही परंपरा, हजारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
विक्की मध्यानी
वाराणसी - छोटा लालपुर, पांडेयपुर स्थित प्राचीन दैत्राबीर बाबा मंदिर में शुक्रवार को वार्षिक श्रृंगार कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। हर वर्ष की भांति इस बार भी पूजा-अर्चना, हवन और संपूर्ण रामायण पाठ के साथ धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए, जिसमें क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी रही।
मंदिर परिसर को कामिनी, बेला, गेंदा और गुलाब के फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस परंपरा की शुरुआत उनके पूर्वजों ने वर्ष 1960 में की थी, जिसे पिछले 60 वर्षों से लगातार निभाया जा रहा है।
शनिवार अपराह्न भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे के दौरान व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए समिति के सदस्य सक्रिय नजर आए।
शाम को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्ति गीतों और प्रस्तुतियों के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर दैत्राबीर बाबा श्रृंगार समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह सहित सभी सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।




