विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जवानों को डिप्रेशन और मानसिक संतुलन पर दी महत्वपूर्ण जानकारी
राजीव सेठ
वाराणसी ।36वीं वाहिनी पीएसी, रामनगर में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेनानायक डॉ0 अनिल कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अध्यक्षता में वाहिनी रवींद्रालय में संपन्न हुआ, जिसमें मानसिक रोग विभाग, ट्रामा सेंटर, बीएचयू के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जवानों को संबोधित किया।
सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ (प्रो.) अच्युत पाण्डेय, विभागाध्यक्ष, मानसिक रोग विभाग, ट्रामा सेंटर, बीएचयू वाराणसी उपस्थित रहे। उनके साथ डॉ रवि भूषण सिंह, डॉ रितिका एवं डॉ अर्गदीप ने भी मानसिक स्वास्थ्य, डिप्रेशन और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत में सेनानायक द्वारा डॉ अच्युत पाण्डेय का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
अपने व्याख्यान में डॉ पाण्डेय ने मानसिक रोगों की पहचान, उनके लक्षण, व्यवहारिक बदलाव तथा उपचार के तरीकों पर प्रकाश डाला। उन्होंने जवानों को बताया कि तनाव और अवसाद से बाहर निकलने के लिए सकारात्मक सोच, संतुलित जीवनशैली और संवाद बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने यह भी समझाया कि सीमित संसाधनों में भी जीवन को आनंदपूर्वक कैसे जिया जा सकता है।
विशेषज्ञ टीम ने ट्रामा सेंटर एवं सर सुंदरलाल चिकित्सालय में उपलब्ध मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार सुविधाओं की भी जानकारी दी, ताकि जरूरत पड़ने पर जवान समय पर सहायता ले सकें।
इस अवसर पर वाहिनी चिकित्सालय के चिकित्सक विनय कुमार मिश्रा, शिविरपाल कैलाश नाथ यादव, दलनायक अजीत प्रताप सिंह, सूबेदार मेजर सुरेंद्र कुमार, आरटीसी प्रभारी गौरव त्रिपाठी सहित वाहिनी के सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट्स मौजूद रहे।
सेमिनार का उद्देश्य जवानों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें तनावमुक्त एवं संतुलित जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा।



