बाबतपुर से कैंट आउटर तक फैला खेल
आरपीएफ-जीआरपी के संरक्षण में फल फूल रहा अवैध वेंडिग धंधा
वीके मौर्या
वाराणसी। कैंट स्टेशन से लेकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) तक अवैध वेंडिंग का खेल खुलेआम जारी है। तमाम दावों के बावजूद प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और यहां तक कि स्टेशन के गेट तक बिना लाइसेंस के वेंडरों की भरमार देखी जा सकती है।
सूत्रों के अनुसार कैंट स्टेशन पर अवैध वेंडिंग को लेकर गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि आरपीएफ के राकेश सिंह और नीलेश सिंह तथा जीआरपी के अश्वनी के कथित संरक्षण में यह कारोबार बदस्तूर चल रहा है। कइयों का कहना है कि बिना किसी डर के वेंडर खुलेआम खाद्य सामग्री और अन्य सामान बेच रहे हैं, जिससे रेलवे को राजस्व का नुकसान होने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बाबतपुर से कैंट आउटर के बीच और अन्य रूट से यह खेल और ज्यादा सक्रिय हो जाता है। ट्रेनों के रुकते ही अवैध वेंडर बड़ी संख्या में सक्रिय हो जाते हैं और बिना किसी रोक-टोक के अपना सामान बेचते हैं। यही स्थिति पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर भी देखने को मिल रही है, जहां प्लेटफॉर्म और यार्ड क्षेत्रों में अवैध वेंडिंग लगातार जारी है।
रेलवे प्रशासन द्वारा समय-समय पर अभियान चलाकर अवैध वेंडिंग पर रोक लगाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आती है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि यदि सख्ती से कार्रवाई की जाए तो इस अवैध कारोबार पर लगाम लगाई जा सकती है।
फिलहाल हालात यह हैं कि रेलवे स्टेशनों पर अवैध वेंडिंग एक संगठित रूप ले चुकी है और जिम्मेदार विभागों के दावे हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। पड़ताल जारी।
#IllegalVending #VaranasiCantt #DDUJunction #IndianRailways #RailwaySafety #NR #ECR #VaranasiNews
#अवैध_वेंडिंग_बंद_करो #रेलवे_सुरक्षा #वाराणसी_कैंट #डीडीयू_जंक्शन #RailMadad #RailwaySecurity
