चकिया, चंदौली। आदर्श नगर पंचायत चकिया के वार्ड नंबर 5 स्थित ठाकुर बाग में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के तत्वाधान में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती अत्यंत गरिमा और उत्साह के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर विहिप कार्यकर्ताओं ने वीर शिवाजी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
महाराज शिवाजी: आस्था और अस्मिता के रक्षक
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अरविंद पांडे ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि "छत्रपति शिवाजी महाराज भारत की आस्था, अस्मिता और हिंदवी स्वराज के सच्चे रक्षक थे। उनका जीवन हमें त्याग, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पण की सीख देता है।"
युवाओं के प्रेरणास्रोत
विहिप के चकिया नगर परीक्षा प्रमुख अवनीश श्रीवास्तव ने महाराज की वीरता को नमन करते हुए कहा कि शिवाजी महाराज एक महान योद्धा और कुशल रणनीतिकार थे। आज के युवाओं को उनके जीवन संघर्षों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति इस गौरवशाली उत्सव में मुख्य रूप से युवा समाजसेवी और मंडल महामंत्री सारांश केसरी, विहिप चकिया नगर के कार्याध्यक्ष किशन श्रीवास्तव, हिमांशु कश्यप, सुजीत वर्मा, सुरेश जायसवाल, सौरभ चंद्र समेत दर्जनों कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
