काशी ने डबल इंजन को डबल जीरो कर दिया, भाजपा की विदाई का संदेश दे गई जनता : अखिलेश यादव

मणिकर्णिका घाट, अहिल्याबाई की प्रतिमा, शंकराचार्य और बुनकरों के मुद्दे पर भाजपा को घेरा, 2027 में काशी की लौंगलता से मुंह मीठा करने का किया दावा












वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने काशी में पार्टी प्रत्याशियों की जीत पर मतदाताओं का आभार जताते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि काशी के लोगों ने डबल इंजन की सरकार को डबल जीरो कर दिया है। बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से आशुतोष सिन्हा और लाल बिहारी यादव को ऐतिहासिक वोटों से जिताकर काशी की जनता ने दोहरा आशीर्वाद दिया है।

अखिलेश यादव ने अपने बयान में काशी में मिली जीत के पीछे कई स्थानीय और जनहित से जुड़े मुद्दों को निर्णायक बताया। उन्होंने कहा कि मणिकर्णिका घाट को तोड़ने, राजमाता पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा के तिरस्कार और शंकराचार्य पर हुए प्रहार का जवाब जनता ने दिया है। पाल समाज पर लाठीचार्ज और दालमंडी में हुई कार्रवाई को भी उन्होंने भाजपा के खिलाफ जनाक्रोश का कारण बताया।

सपा प्रमुख ने गंगा सफाई और नमामि गंगे परियोजना को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो लोग कहते थे कि मां गंगा ने उन्हें बुलाया है, उन्होंने मां गंगा को ही भुला दिया। नमामि गंगे का अरबों रुपये का बजट कहां बह गया, इसका जवाब मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बनारस के बुनकरों की समस्याओं की अनदेखी हुई है और हस्तकला को चौपट कर दिया गया। नाव चलाने वाले लोगों की रोजी-रोटी पर भी संकट खड़ा हुआ है।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर बाहरी ठेकेदारों को बढ़ावा देने और कमीशनखोरी के कारण छोटे कारोबारियों के व्यवसाय को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। काशी को क्योटो बनाने के वादे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि क्योटो तो बनाया नहीं, कम से कम क्योटो का फोटो ही लगा देते। भाजपा ने बनारस का हित नहीं, बल्कि अहित किया है।

उन्होंने कहा कि यूपी के लोग विदाई अच्छी करते हैं, लेकिन जब काशी वाले विदाई करते हैं तो स्थायी विदाई कर देते हैं। 2027 में काशी भाजपा की उदासी का कारण बनेगी और विश्वप्रसिद्ध बनारस की लौंगलता हमारा मुंह मीठा करेगी।

सपा प्रमुख ने वाराणसी के विकास को लेकर अपनी पार्टी की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वाराणसी को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए मेट्रो का निर्माण कराया जाएगा। अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से विरासत के संरक्षण और विकास के संवर्धन को साथ लेकर चलेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि काशी का गौरव फिर से वापस लाना समाजवादी पार्टी का संकल्प है। अपने बयान के अंत में उन्होंने कहा, भाजपा जायेगी, काशी मुस्कुराएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने