वाराणसी में संगठित चोर गिरोह का पर्दाफाश:

 लंका व भेलूपुर पुलिस ने 3 शातिर चोरों को दबोचा, 4 लाख की चांदी की सिल्लियां, स्कूटी व 50 हजार कैश बरामद






वाराणसी: कमिश्नरेट वाराणसी के थाना लंका और भेलूपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बंद मकानों को निशाना बनाने वाले एक अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के 3 शातिर सदस्यों को रविंद्रपुरी पेट्रोल पंप के पास स्थित एक खाली प्लॉट से गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से चोरी की एक स्कूटी, करीब 4 लाख रुपये कीमत की सफेद धातु (चांदी) की 2 सिल्लियां और ₹50,000 नकद बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त

  • समीर सोनकर (उम्र 21 वर्ष) – निवासी भगवानपुर, थाना लंका, वाराणसी (हिस्ट्रीशीटर, दर्जनों मुकदमों का आरोपी)

  • करन सोनकर (उम्र 20 वर्ष) – निवासी नगवां, थाना लंका, वाराणसी

  • हिमांशू गिरी (उम्र 19 वर्ष) – स्थायी निवासी ग्राम बाला, थाना विक्रमगंज, जिला रोहतास (बिहार); हाल पता भगवानपुर, थाना लंका, वाराणसी

नशे के शौक के लिए बंद मकानों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे नशे के आदी हैं और अपने खर्च पूरे करने के लिए दिन-दहाड़े व रात में बंद पड़े मकानों का ताला तोड़कर चोरी करते थे। गिरोह ने रमना की भागवत धाम कॉलोनी, डाफी स्थित श्यामनगर कॉलोनी, भगवानपुर मोड़ की बंगाली कॉलोनी और भेलूपुर की जानकी नगर कॉलोनी समेत कई इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पहचान छिपाने और पकड़े जाने के डर से इन्होंने चोरी के चांदी के जेवरातों को गलवाकर सिल्लियां बनवा ली थीं।

समीर सोनकर पर दर्ज हैं 20 आपराधिक मामले
गिरोह का मुख्य आरोपी समीर सोनकर शातिर अपराधी है, जिस पर हत्या के प्रयास (धारा 307), आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर और चोरी समेत कुल 20 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, करन सोनकर पर 6 और हिमांशू गिरी पर 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता
सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर लंका थाना प्रभारी राजकुमार, चौकी प्रभारी बीएचयू सौरभ तिवारी, चौकी प्रभारी रमना प्रिन्स तिवारी, चौकी प्रभारी बजरडीहा कृष्ण देव उपाध्याय सहित लंका, भेलूपुर पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने इस गिरोह को पकड़ा। पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने