मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने रोपा स्मृति पौधा, कमांडेंट ने कहा - काशी को हरा-भरा बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि
विक्की मध्यानी
वाराणसी। प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी अभियान 'एक पेड़ मां के नाम' को साकार रूप देते हुए 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और सृजन सामाजिक विकास न्यास ने मिलकर आदित्य नगर पार्क को प्रकृति की गोद में सौंपने का संकल्प पूरा किया। नगर निगम से गोद लिए गए इस पार्क को अब सघन वन के रूप में विकसित किया जाएगा।
पर्यावरणविद् एवं सृजन सामाजिक विकास न्यास व गंगा हरितिमा अभियान उत्तर प्रदेश के ब्रांड एंबेसडर अनिल कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में हुए इस पौधरोपण में पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता को समृद्ध करने के उद्देश्य से आम, अमरूद, आंवला, बेल, नींबू और महुआ जैसे बहुउपयोगी फलदार वृक्ष रोपित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने उपस्थित नागरिकों, जवानों और स्वयंसेवकों को 'एक पेड़ मां के नाम' की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वयं मिट्टी में पौधा रोपकर संदेश दिया कि मां के प्रति कृतज्ञता का सबसे सुंदर उपहार एक हरा-भरा वृक्ष ही हो सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए 95 बटालियन CRPF के कमांडेंट आर. एस. बालापुरकर ने ग्रामवासियों, सृजन संस्था के कार्यकर्ताओं और CRPF के जवानों की निष्ठा को सराहा। उन्होंने कहा कि काशी को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए वृक्षारोपण को जनआंदोलन का रूप देना समय की मांग है।
इस अवसर पर रोहित सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पार्षद श्याम भूषण शर्मा, पार्षद सुरेश पटेल 'गुड्डू', वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सौरभ पटेल, रितेश राय, श्रेयांश वलोरा, बीएचयू से सोम जी, मनोज कुमार, प्रवीण सिंह सहित नगर निगम के समस्त माली बंधु उपस्थित रहे।
इस अभियान को सफलता की ऊंचाई तक पहुंचाने में CRPF के प्रवीण सिंह और उनकी समर्पित टीम का विशेष योगदान रहा। समापन पर सभी प्रतिभागियों ने एक स्वर में "स्वच्छ काशी, सुंदर काशी, हरित काशी" का उद्घोष कर काशी को प्रकृति से जोड़ने का प्रण लिया।

