गिलट बाजार पुलिस चौकी से महज कुछ दूरी पर बेखौफ चोरी : पसीने की कमाई लुटी,लबे रोड लेबर की नई बाइक पर डाका*

 गिलट बाजार पुलिस चौकी से महज कुछ दूरी पर बेखौफ चोरी : पसीने की कमाई लुटी,लबे रोड लेबर की नई बाइक पर डाका

विक्की मध्यानी

  सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, डिक्की से औजार भी पार, पीड़ित ने शिवपुर थाने में दी तहरीर_  




वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने एक गरीब मजदूर के घर का चूल्हा हिला दिया। कड़ी मेहनत से खरीदी गई बाइक चंद पलों में ही चोर के हाथ लग गई।


चंदापुर, केराकतपुर, लोहता निवासी समीम अख्तर पुत्र नईम अख्तर विगत कई दिनों से अधिवक्ता शिवप्रकाश सिंह के राजर्षि नगर, गिलट बाजार स्थित भवन के ध्वस्तीकरण में मजदूरी कर रहा है। प्रतिदिन की भांति बुधवार 19.08.2026 को प्रातः 7 बजे वह अपनी 8 माह पुरानी मैट स्लेटी रंग की होंडा स्प्लेंडर बाइक UP 65 FX 9859 को मकान के मुख्य द्वार के बाहर खड़ी कर कार्य में व्यस्त हो गया।


सुबह 9 बजे उसका साथी चाय लेने बाहर निकाल तब तक बाइक सुरक्षित थी। 9 बजकर 37 मिनट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक युवक नीले रंग की टीशर्ट व नीले रंग की लोअर पहनकर साइकिल से पहुंचा। उसने पहले अपनी साइकिल सड़क किनारे खड़ी की और फिर बेखौफ होकर बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया। चोर बाइक की डिक्की में रखे बिजली के कटर व अन्य कीमती औजार भी साथ ले गया। अनुमानित नुकसान लगभग 50 हजार रुपये बताया जा रहा है।


घटना की सबसे गंभीर बात यह है कि यह वारदात शिवपुर थाने की गिलट बाजार चौकी से मात्र 200 मीटर की दूरी पर अंजाम दी गई। कानून व्यवस्था पर यह सीधा प्रश्नचिन्ह है। 


शाम को अधिवक्ता शिवप्रकाश सिंह कचेहरी से लौटे तो परिजनों ने उन्हें सीसीटीवी फुटेज दिखाया। फुटेज देखकर अधिवक्ता सिंह ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा, "यह महज बाइक की चोरी नहीं है, यह एक मेहनतकश की गरिमा और उसके परिवार के भविष्य पर कुठाराघात है। पुलिस की नाक के नीचे इस तरह की घटना अत्यंत निंदनीय है।"


पीड़ित समीम ने शिवपुर थाने में लिखित तहरीर सौंपकर एफआईआर दर्ज करने और बाइक बरामद करने की गुहार लगाई है। समीम ने गिड़गिड़ाते हुए कहा, "साहब, इसी बाइक के सहारे मैं अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। अब बिना वाहन के काम पर कैसे जाऊंगा?"


स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने इस घटना की कड़ी भर्त्सना करते हुए पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए। वीआईपी मूवमेंट क्षेत्र कहे जाने वाले गिलट बाजार में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं ने आमजन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने