बजरडीहा चौकी क्षेत्र में पुलिस की नाक के नीचे सज रही महफिल; 'मदरहा वीर मंदिर' के पास सुनार की दुकान के ऊपर दिन-रात दांव पर लग रहे करोड़ों रुपये
वाराणसी।
भेलूपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बजरडीहा पुलिस चौकी इलाके में अवैध गतिविधियों का बड़ा नेटवर्क बेखौफ होकर संचालित हो रहा है। स्थानीय सूत्रों और मिली जानकारी के अनुसार, कश्मीरी गंज का निवासी और रामलीला समिति का पूर्व अध्यक्ष नीरज गुप्ता क्षेत्र में जुए का एक बड़ा नेटवर्क चला रहा है।
पहले कश्मीरी गंज क्षेत्र में जुए का अड्डा चलाने वाला नीरज गुप्ता अब पुलिस की नजरों से बचकर अपना ठिकाना बदल चुका है। वर्तमान में बजरडीहा चौकी क्षेत्र स्थित मदरहा वीर मंदिर के ठीक पहले एक सुनार की दुकान की ऊपरी मंजिल पर यह अवैध जुआघर दिन-रात संचालित किया जा रहा अड्डे पर रोज लग रहे करोड़ों के दांव
सूत्रों का दावा है कि इस ठिकाने पर वाराणसी और आसपास के जिलों से बड़े-बड़े जुआरी जुटते हैं। रोजाना लाखों-करोड़ों रुपये की हार-जीत का खेल यहां बिना किसी डर के चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और बाहरी लोगों के जमावड़े के कारण आसपास का माहौल खराब हो रहा है, लेकिन रसूख और सांठगांठ के बल पर यह धंधा बेधड़क जारी है।
पुलिसिया कार्रवाई पर खड़े हो रहे सवाल
शहर के व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में शुमार भेलूपुर थाना क्षेत्र में इस तरह के बड़े अवैध कारोबार का चलना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। बजरडीहा चौकी पुलिस की नाक के ठीक नीचे खुलेआम चल रहे इस 'जुआ साम्राज्य' पर अब तक कोई ठोस विभागीय कार्रवाई न होना चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह है कि मामले की खबर उजागर होने के बाद वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के उच्चाधिकारी इस पर क्या कार्रवाई करते हैं।
