युवाओं को आगे आकर निभानी होगी जिम्मेदारी : सीडीओ
300 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा, विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभ
देवरिया, 7 अगस्त। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के MY Bharat के तत्वावधान में संचालित “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के तहत जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन एसेंट एकेडमी ऑफ साइंस, हाटा रोड, देवरिया के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए 300 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिताओं में गीत, समूह नृत्य, एकल नृत्य, नुक्कड़ नाटक, एकल अभिनय, भाषण, रैप/बीट बॉक्सिंग, स्लोगन लेखन, स्लैम पोएट्री एवं चित्रकला सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में भी बाधा बनता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि “नशा मुक्त भारत केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। युवा स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। जब युवा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार होंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।”
विशिष्ट अतिथि डायरेक्टर अजय कुमार बरनवाल ने कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रमों से जुड़ना चाहिए। नशे से दूरी बनाकर ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
प्राचार्य नंद राम प्रजापति ने कहा कि विद्यालय और शिक्षण संस्थान युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। युवाओं को शिक्षा के साथ खेल, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर छोटी आदतों से होती है, इसलिए युवाओं को स्वयं जागरूक रहना होगा।
गीत प्रतियोगिता में सुर संगीत ग्रुप ने प्रथम, यस यस म्यूजिक ग्रुप ने द्वितीय तथा काजल सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक में सिद्धार्थ ग्रुप प्रथम, राधेश्याम ग्रुप द्वितीय तथा आदित्य टीम तृतीय रही।
भाषण प्रतियोगिता में सालू ने प्रथम, पल्लवी ने द्वितीय तथा अनुष्का यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्लैम पोएट्री में हर्षिता दुबे प्रथम, नंदनी सिंह द्वितीय तथा अनुष्का भारती तृतीय रहीं।
ग्रुप नृत्य प्रतियोगिता में आस्था राय टीम ने प्रथम, इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज की टीम ने द्वितीय तथा रानी सिंह की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। चित्रकला प्रतियोगिता में श्वेता कुमारी प्रथम, सिंधी द्विवेदी द्वितीय तथा वर्तिका तृतीय रहीं।
सभी विजेता प्रतिभागी अब लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में देवरिया जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी चंद्र भूषण चौबे ने युवाओं को MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया तथा युवाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में एसेंट एकेडमी ऑफ साइंस का विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन रोशन गुप्ता एवं हर्षिता मणि ने किया।
कार्यक्रम में विकास यादव, विशाल गुप्ता, गरिमा पांडेय, वालेंटियर अजीत यादव, पूजा मिश्रा, सत्यम, वंदना , सौम्या, कारण सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, प्रतिभागी एवं अन्य युवा उपस्थित रहे।
अंत में आयोजकों ने निर्णायक मंडल, शिक्षकों, सहयोगी संस्थाओं, प्रतिभागियों एवं उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा युवाओं से नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।



