करन सोनकर, भीम गुप्ता, बाबू, अर्जुन सहित आधा दर्जन पर हत्या के प्रयास का मुकदमा
वाराणसी।रास्ता मांगने पर गाजीपुर से लौट रहे एक परिवार पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों का आतंक सड़क से सीधे अस्पताल तक पहुंच गया।
पीड़िता प्रियंका राय की तहरीर पर लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने BNS की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्या हुआ था
31 जुलाई की रात करीब 8 बजे प्रियंका राय पत्नी अनुराग राय, निवासी 9/143-ए नई बस्ती, पति के साथ कार UP65 DW 4964 से गाजीपुर से लौट रही थीं। यादव आटा चक्की, राज पब्लिक स्कूल के पास करन सोनकर, भीम गुप्ता, बाबू, अर्जुन सहित आधा दर्जन लोगों ने सड़क जाम कर रखी थी। रास्ता मांगने पर विवाद हुआ। आरोप है कि हमलावरों ने अनुराग को कार से खींचकर डमरू वाले ईंटों से सिर पर वार किए। बीच-बचाव करने आई प्रियंका से भी मारपीट की गई।
गंभीर रूप से घायल अनुराग को पहले दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। आरोप है कि अस्पताल में भी हमलावर रेकी कर रहे थे। घटना का वीडियो मौजूद है।
परिवार मर्माहत
पीड़ित के पिता वरिष्ठ पत्रकार अरुण सिंह ने थाने में तहरीर देकर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा, "यह बर्बरता सभ्य समाज के लिए कलंक है। जब तक न्याय नहीं मिलता लड़ाई जारी रहेगी।"
घटना की सूचना पर अनुराग की मां, जो महिला पुलिस में कार्यरत हैं, सदमे से बेहोश हो गई थीं। बाद में स्थिति संभलने पर वह दीनदयाल अस्पताल पहुंचकर घायल बहू-बेटे के साथ रहीं। हमले के समय कार में सो रही 3 वर्षीय बेटी कमिका राय भी सहमी हुई है।
गंभीर धाराओं में केस
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 191(2), 126(2), 115(2), 131, 74, 110, 324(2) में केस दर्ज किया है। इसमें हत्या का प्रयास और गंभीर चोट जैसी गैर-जमानती धाराएं शामिल हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
