कज्जाकपुरा में देर रात तक शराब बिक्री का वीडियो वायरल

 चखना दुकान के अंदर शराब पीते दिखे लोग, स्थानीय लोगों ने दुकान के संचालन पर उठाए सवाल


वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के कज्जाकपुरा में शराब बिक्री से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कंपोजिट शराब ठेके से सटी चकना दुकान के अंदर कुछ लोग शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। दुकान के अंदर और आसपास शराब की खाली बोतलें भी नजर आ रही हैं।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब ठेका बंद होने के निर्धारित समय के बाद भी चकना दुकान से देर रात तक शराब उपलब्ध कराई जाती है। उनका कहना है कि दुकान संचालक की ओर से देर रात तक शराब बिक्री कराए जाने की शिकायत लंबे समय से है। निर्धारित कीमत से अधिक दाम लिए जाने की बात भी स्थानीय लोगों ने कही है।





कज्जाकपुरा से नमो घाट जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण इस स्थान पर देर रात तक लोगों की आवाजाही रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चकना दुकान के आसपास रात में शराब पीने वालों का जमावड़ा भी लगा रहता है।


वीडियो वायरल होने के बाद चकना दुकान के संचालन और देर रात शराब बिक्री को लेकर आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।


अब देखना है कि वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने