शास्त्री घाट पर पेपर लीक और शिक्षा के व्यवसायीकरण के खिलाफ नारेबाजी, पूर्व मंत्री रिबू श्रीवास्तव रही मौजूद
विक्की मध्यानी
वाराणसी। शिक्षा, संविधान और युवाओं के भविष्य को लेकर बाबा साहेब अम्बेडकर वाहिनी महानगर जिला वाराणसी ने आज लाल बहादुर शास्त्री घाट पर एक दिवसीय भूख हड़ताल कर विरोध जताया। यह प्रदर्शन देश के प्रख्यात इंजीनियर एवं शिक्षाविद सोनम वांगचुक के समर्थन में किया गया।
जिला मुख्यालय स्थित शास्त्री घाट पर आयोजित इस प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। कार्यक्रम की अगुवाई जिला अध्यक्ष जितेंद्र यादव और महानगर अध्यक्ष अभय यादव ने की। इस दौरान सपा के पूर्व मंत्री रिबू श्रीवास्तव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया।
प्रदर्शनकारियों के हाथों में शिक्षा बचाओ भविष्य बचाओ, पेपर लीक बंद करो और I STAND WITH SONAM WANGCHUK लिखी तख्तियां थीं। वक्ताओं ने कहा कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक, शिक्षा के व्यवसायीकरण और भर्ती परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं के खिलाफ सोनम वांगचुक लगातार संघर्ष कर रहे हैं। बाबा साहेब अम्बेडकर वाहिनी उनके इस संघर्ष के साथ खड़ी है।
वक्ताओं ने सरकार से मांग की कि शिक्षा को कारोबार नहीं बल्कि अधिकार के रूप में देखा जाए। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर ठोस नीति नहीं बनाती, तब तक इस तरह के आंदोलन जारी रहेंगे। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने और लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की अपील की।
पूरे प्रदर्शन के दौरान शास्त्री घाट शिक्षा बचाओ, भविष्य बचाओ के नारों से गूंजता रहा। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।







