टाटा कैंसर हॉस्पिटल में भर्ती मरीज को तत्काल पड़ी थी 10 यूनिट रक्त की जरूरत
विक्की मध्यानी
वाराणसी। वर्दी के साथ दिल में इंसानियत लेकर चलने वाले कमिश्नरेट पुलिस के एक जवान ने फिर साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून की रक्षक ही नहीं, जीवन की रक्षक भी है। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन कार्यालय में तैनात आरक्षी कुमार गौरव ने दूसरी बार स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की।
भारत रक्त सेवा मंच पुलिस परिवार व्हाट्सएप ग्रुप पर मंगलवार को सूचना मिली कि टाटा मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल में भर्ती कैंसर पीड़ित मरीज हामिद की हालत गंभीर है और उन्हें तत्काल 10 यूनिट रक्त की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही आरक्षी कुमार गौरव बिना एक पल गंवाए रक्तदान के लिए पहुंच गए।
यह उनका दूसरा रक्तदान था। उनके द्वारा समय पर दिए गए रक्त से मरीज के उपचार में बड़ी मदद मिली और परिजनों के चेहरे पर राहत लौट आई।
अधिकारियों ने कहा कि आरक्षी कुमार गौरव का यह कदम केवल रक्तदान नहीं, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणा है। उनका यह कार्य यह संदेश देता है कि रक्तदान महादान है और समय पर किया गया एक यूनिट रक्त किसी का जीवन बचा सकता है।
कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने आरक्षी के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वाराणसी पुलिस जनसेवा, मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए सदैव तत्पर है। भविष्य में भी ऐसे पुनीत कार्यों में पुलिस परिवार बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएगा।
