सुबह से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, देर शाम तक चलेगा भंडारा और प्रसाद वितरण
शीश नवाकर श्रद्धालुओं ने मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
सारनाथ क्षेत्र में भक्तिमय माहौल
राजीव सेठ
वाराणसी। सारनाथ क्षेत्र के बेनीपुर स्थित शिवसाई मंदिर में गुरु पूर्णिमा का पर्व बुधवार को श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालु भक्तों की कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने गुरु एवं भगवान शिव-साई के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।
मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्ति का वातावरण बना रहा। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद चरणों में नतमस्तक हुए। मंदिर में भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रबंधन एवं स्वयंसेवकों ने विशेष व्यवस्था की है, जिससे दर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया है। श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं भोजन वितरित किया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन ने बताया कि भंडारा और प्रसाद वितरण का क्रम देर शाम तक, जब तक श्रद्धालुओं का आगमन रहेगा, लगातार जारी रहेगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर आयोजन में सहभागिता निभा रहे हैं।
पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहने से क्षेत्र का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा है। मंदिर समिति ने सभी भक्तों से अनुशासन बनाए रखते हुए दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने बेनीपुर और आसपास के क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
