महिला सरगना समेत छह गिरफ्तार, साइबर अपराधियों को बैंक खाते बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़

 ऑपरेशन "Cy-Vazra" के तहत सिगरा पुलिस व साइबर क्राइम सेल की संयुक्त कार्रवाई, देशभर में 21 साइबर ठगी के मामलों से जुड़े मिले बैंक खाते



वाराणसी। थाना सिगरा पुलिस एवं साइबर क्राइम सेल की संयुक्त टीम ने प्रदेशव्यापी अभियान ऑपरेशन "Cy-Vazra" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लोगों को धन का लालच देकर उनके आधार कार्ड कूटरचित कर वाराणसी के विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की महिला सरगना, बैंक किट (चेकबुक, पासबुक, डेबिट कार्ड) की डिलीवरी कराने वाले पोस्टमैन सहित कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बरामद बैंक खातों से संबंधित देशभर में दर्ज 21 साइबर शिकायतों में कुल ₹76,44,476.97 की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है।


पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त अपराध नीतू काद्यान एवं अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन/साइबर नोडल नृपेन्द्र के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान 26 जुलाई को ओम पब्लिक स्कूल तिराहा, महमूरगंज (थाना भेलूपुर क्षेत्र) से अनिल कुमार, आरती कुमारी, मालती, उमंग कुमार, जितेन्द्र कुमार कन्नौजिया तथा शोभनाथ को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों के विरुद्ध थाना सिगरा में मु0अ0सं0 0332/2026 के तहत धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) एवं 61(2) बीएनएस-2023 में मुकदमा दर्ज किया गया है।

ऐसे करते थे अपराध


पुलिस के अनुसार गिरोह सबसे पहले लोगों को पैसे का लालच देकर उनके आधार कार्ड प्राप्त करता था। इसके बाद आधार कार्ड में अंकित स्थायी पते को कूटरचित कर सिगरा क्षेत्र का निवासी दर्शाया जाता था। इसी फर्जी आधार कार्ड के आधार पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए जाते थे। खाता खुलने के बाद बैंक किट (चेकबुक, पासबुक, एटीएम कार्ड) कूटरचित पते पर भेजी जाती थी, जिसे डिलीवरी से पहले ही पोस्टमैन से दूरभाष पर संपर्क कर प्राप्त कर लिया जाता था। इसके बाद बैंक किट एवं खाते से लिंक मोबाइल सिम को पैक कर कूरियर के माध्यम से साइबर अपराधियों तक पहुंचा दिया जाता था।

यह सामान हुआ बरामद


पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से विभिन्न बैंकों की चार चेकबुक, तीन सील्ड चेकबुक, तीन सील्ड डेबिट कार्ड, 11 पासबुक, छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो पैन कार्ड तथा तीन कूटरचित आधार कार्ड बरामद किए हैं।

देशभर के 21 साइबर मामलों से जुड़े खाते

पुलिस के अनुसार बरामद पासबुक एवं चेकबुक से बिहार, असम, कर्नाटक, हरियाणा, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, तमिलनाडु और मणिपुर सहित विभिन्न राज्यों में दर्ज 21 साइबर शिकायतें जुड़ी मिली हैं। इन सभी मामलों में कुल ₹76,44,476.97 की साइबर ठगी की गई है।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित जितेन्द्र कुमार कन्नौजिया के विरुद्ध पूर्व से लाइन बाजार, जौनपुर में भी साइबर अपराध से संबंधित मुकदमा दर्ज है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम

इस कार्रवाई में थाना सिगरा के प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र, उपनिरीक्षक भरत भट्ट, रोहित त्रिपाठी, महिला उपनिरीक्षक काजोल सिंह, हेड कांस्टेबल ब्रह्मदेव सिंह, कांस्टेबल मृत्युंजय सिंह, सुमित साहू, महिला आरक्षी काजल तथा साइबर क्राइम सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार तिवारी एवं उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार जायसवाल की प्रमुख भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने