पंचायत ने बढ़ाया सेवकों का मान | समाज को एक सूत्र में बांधने पर जोर, चंदे का हिसाब सार्वजनिक
विक्की मध्यानी
वाराणसी।।पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत (रजि.) के तत्वावधान में रविवार रात सिगरा स्थित सिंधु नगर धर्मशाला में 'आनंद उत्सव' का भव्य आयोजन किया गया। झूलेलाल महोत्सव को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने में दिन-रात एक करने वाले समाजसेवियों को इस मंच से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सिंधी समाज की एकजुटता और युवा पीढ़ी को समाजसेवा से जोड़ने का संकल्प भी दोहराया गया।
इन्हें मिला सम्मान:झूलेलाल महोत्सव में उत्कृष्ट सेवाभाव के लिए दिलीप आहूजा, सुमित धमेंजा एवं महेश आहूजा को सम्मानित किया गया। महेश आहूजा व सुमित धमेंजा की अनुपस्थिति में उनके नाम का स्मृति चिह्न उनके प्रतिनिधियों ने ग्रहण किया।
सभा का संचालन शंकर विशनानी ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने मंचासीन अध्यक्ष श्याम खेमानी, महामंत्री राकेश रामख्यानी, कोषाध्यक्ष नरेश मेघानी, अशोक तलरेजा, हीरानंद लखमानी, ओमप्रकाश बदलानी, ब्रह्मानंद पेशवानी समेत समस्त अतिथियों का स्वागत किया।
मंच से सभी पदाधिकारियों ने सम्मानित सदस्यों के योगदान की मुक्त कंठ से सराहना की। सेंट्रल पंचायत अध्यक्ष श्याम खेमानी ने कहा कि जिन सेवकों ने तन-मन-धन से झूलेलाल महोत्सव को सफल बनाया, वे पूरे समाज के गौरव हैं। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज की असली ताकत उसकी एकजुटता है और हमें नई पीढ़ी में संस्कारों के साथ सेवा का भाव भी जगाना होगा।*
अर्दली बाजार सिंधी पंचायत के मुखिया ओ.पी. बदलानी ने अपने संबोधन में कहा कि सिंधी समाज त्याग, सेवा और भाईचारे की मिसाल है। हमें अपनी संस्कृति, भाषा और इष्ट देव झूलेलाल जी के आदर्शों को सहेजते हुए एक-दूसरे का संबल बनना होगा। उन्होंने सभी से इस 'आनंद उत्सव' का भरपूर आनंद उठाने और समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।_ सभा में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने कहा कि सिंधी समाज की पहचान उसकी एकता और अखंडता है। हमें इसी धागे में पिरोकर आगे बढ़ना है और नवयुवकों को भी सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरित करना है, ताकि हमारी संस्कृति और परंपराएं अक्षुण्ण रहें।
पारदर्शिता की मिसाल:कोषाध्यक्ष नरेश मेघानी ने झूलेलाल महोत्सव में सहयोग के रूप में प्राप्त चंदे का पूरा लेखा-जोखा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसकी सभी ने सराहना की।
अंत में मोहन बदलानी ने सभी आगंतुकों का आभार जताते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर श्रीचंद पंजवानी, सुरेंद्र लालवानी, कमलेश छुगानी, राजेश रुपानी, विजय राजवानी, अनिल लोकवानी, दिनेश चंदानी, चंदन रूपानी, रतन राजवानी, संजय टहलानी, मनोज लखमानी, कमल हरचानी, धर्मेंद्र सेहता सहित सैकड़ों की संख्या में गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सहभोज के साथ हुआ।


