काशी पुलिस की तत्परता: बिहार से आए परिवार की दो नाबालिग बेटियां 2 घंटे में सकुशल बरामद

आदमपुर पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से खोजा, परिजनों ने जताया आभार

विक्की मध्यानी

वाराणसी। बिहार से बाबा विश्वनाथ के दर्शन को आए परिवार की दो नाबालिग बच्चियां बुधवार को भीड़ में बिछड़ गईं। आदमपुर थाना पुलिस ने सूचना मिलने के महज दो घंटे के भीतर दोनों को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चियों को वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

घटना बुधवार दोपहर की है। बिहार निवासी एक परिवार दर्शन-पूजन के लिए वाराणसी पहुंचा था। दोपहर में परिवार राजघाट और भैसासुर घाट पर घूम रहा था। इसी दौरान 14 और 15 वर्षीय दो बच्चियां भीड़ में परिवार से अलग हो गईं। काफी देर तक तलाश के बाद भी जब बच्चियों का पता नहीं चला तो परेशान परिजन आदमपुर पुलिस चौकी पहुंचे।

चौकी प्रभारी उ0नि0 प्रशांत पाण्डे ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल थाना आदमपुर की टीम को सक्रिय किया। घाटों और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही स्थानीय नाविकों, दुकानदारों और सूचना तंत्र को अलर्ट किया गया। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई का असर हुआ कि दो घंटे के भीतर ही दोनों बच्चियों का पता चल गया।

पुलिस ने दोनों को सुरक्षित बरामद कर थाने लाया। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद बच्चियों को परिजनों के हवाले कर दिया गया। बिछड़ी बेटियों को सामने पाकर माता-पिता भावुक हो गए। परिवार ने आदमपुर पुलिस टीम का आभार जताया और कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा की।

पुलिस के मुताबिक त्योहार और छुट्टियों के सीजन में घाटों पर भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में परिजनों को बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। वहीं घाट क्षेत्र में निगरानी के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

इस सराहनीय कार्य में चौकी प्रभारी उ0नि0 प्रशांत पाण्डे, म0उ0नि0 नेहा नायक, हे0का0 नरेन्द्र कुमार यादव और का0 अभिषेक कुमार शामिल रहे।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने