भगवान के आभूषण और पूजन सामग्री बरामद, चोरी का माल खरीदने वाले भी पुलिस के हत्थे चढ़े✍️त्रिपुरेश्वर त्रिपाठी
वाराणसी। भेलूपुर पुलिस ने श्री विद्या मठ शंकराचार्य घाट स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चोरी करने वाले तथा चोरी का माल खरीदने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए आभूषण, पूजन सामग्री और नकदी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू खान पुत्र शाहनवाज खान निवासी साकेत नगर, नरिया (थाना लंका), ध्रुव कुमार वर्मा पुत्र स्वर्गीय दयाशंकर वर्मा निवासी रानीपुर, महमूरगंज (थाना भेलूपुर) (सांवरिया ज्वेलर्स )तथा संतोष वर्मा पुत्र स्वर्गीय शिव प्रसाद वर्मा निवासी सराय नंदन, दशमी (थाना भेलूपुर) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार राजू खान को रत्नाकर पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया, जबकि ध्रुव कुमार वर्मा और संतोष वर्मा को सराय नंदन क्षेत्र से पकड़ा गया। आरोपियों के पास से एक पीतल का लोटा, सफेद धातु से निर्मित गदा का ऊपरी भाग, तीन मुकुट, एक चेन, सफेद धातु का एक टुकड़ा तथा 1500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
शनिवार को मीडिया से बातचीत में एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि श्री विद्या मठ शंकराचार्य घाट स्थित हनुमान मंदिर से भगवान के गले का चांदी का हार, पीतल का लोटा, आचमन पात्र सहित अन्य पूजन सामग्री चोरी होने के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर जांच की गई, जिसके बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि राजू खान ने मंदिर से चोरी की थी, जबकि ध्रुव कुमार वर्मा और संतोष वर्मा ने चोरी का माल खरीदा था। बरामद सामान में चोरी की गई सामग्री के अवशेष भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार राजू खान के विरुद्ध भेलूपुर और लंका थाना क्षेत्रों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
चोरी की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर दुर्गा सिंह, उपनिरीक्षक नवीन कुमार चतुर्वेदी (चौकी प्रभारी अस्सी), उपनिरीक्षक शिवम श्रीवास्तव (चौकी प्रभारी रेवड़ी तालाब), कांस्टेबल सूरज भारती, संदीप कुमार, प्रशांत तिवारी तथा सर्विलांस सेल की टीम शामिल रही।
