वाराणसी: दबंगों के हौसले बुलंद, पत्रकार और उनके भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, सोने की चेन भी लूटी

 थाने में शिकायत करने से नाराज थे आरोपी
बीच बाजार में पंच और धारदार हथियार से किया लहूलुहान

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में देखने को मिली है। यहाँ के बड़ागांव थाना क्षेत्र के साधोगंज बाजार में सोमवार शाम सरेराह एक पत्रकार और उनके भाई पर जानलेवा हमला किया गया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित की सोने की चेन लूटकर मौके से फरार हो गए।

​पुरानी रंजिश और शिकायत को लेकर रोका रास्ता
जानकारी के अनुसार, ग्राम चक खरावन खरगपुर के रहने वाले पत्रकार प्रवीण मिश्रा अपने भाई अरविंद कुमार के साथ सोमवार शाम करीब छह बजे किसी काम से साधोगंज बाजार गए थे। पीड़ितों का आरोप है कि तभी वहाँ पहले से घात लगाए बैठे विक्की तिवारी और शोम दुबे ने उनकी गाड़ी को जबरन रोक लिया। बताया जा रहा है कि पूर्व में हुए एक विवाद को लेकर थाने में दी गई शिकायत (प्रार्थना पत्र) से आरोपी बुरी तरह बौखलाए हुए थे।
​बीच बाजार में खूनी खेल, सोने की चेन पार
गाड़ी रोकते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पत्रकार और उनके भाई ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर पंच और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। हमले में दोनों भाई लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। पीड़ितों का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनके गले से करीब दो तोले की सोने की चेन भी छीन ली और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
​जांच में जुटी पुलिस
बीच बाजार में हुई इस दुस्साहसिक वारदात को देख आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पीड़ितों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल भाइयों को अपनी कस्टडी में लेकर थाने पहुंचाया, जहाँ से उन्हें उपचार के लिए भेजा गया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने नियम संगत कार्यवाही के लिए आश्वासन दिया है 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने