केंद्रीय कारागार वाराणसी की व्यवस्थाओं और बंदी कल्याण कार्यों की सराहना

 अपर महानिरीक्षक कारागार ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग इकाइयों और बंदी सुविधाओं का किया निरीक्षण
वाराणसी। अपर महानिरीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं उत्तर प्रदेश, लखनऊ धर्मेंद्र सिंह ने मंगलवार को केंद्रीय कारागार वाराणसी का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने उनका स्वागत करते हुए गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।

निरीक्षण के दौरान शासन द्वारा गठित समिति के अंतर्गत कारागार परिसर में जेवर ट्रांसमिशन लिमिटेड के सहयोग से प्रस्तावित ट्रांसमिशन टावर स्थापना के लिए चयनित स्थल का अवलोकन किया गया। इसके उपरांत इन्होंने कारागार में संचालित काष्ठ कला एवं लौह उद्योग इकाइयों का निरीक्षण कर वहां तैयार किए जा रहे फर्नीचर एवं अन्य उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की।

अपर महानिरीक्षक ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त स्क्रीन लगाए जाने के निर्देश दिए। कारागार अस्पताल में निरुद्ध बंदियों से वार्ता कर उनके मुकदमों तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के क्रम में कोल इंडिया के सहयोग से स्थापित ऑटोमेटेड बेकरी मशीन का भी अवलोकन किया गया। बेकरी में तैयार किए जा रहे बिस्कुट, पावरोटी और क्रीमरोल की गुणवत्ता तथा स्वच्छता व्यवस्था की प्रशंसा की गई। चक्र संख्या-4 की बैरक संख्या-2 में बंदियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए गए।

धर्मेंद्र सिंह ने कारागार की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों के हित में संचालित रोजगारपरक गतिविधियों पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के उपरांत इन्होंने कारागार परिसर में स्थापित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।





इस अवसर पर चिकित्साधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र, अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह, अयोध्या प्रसाद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने