वाराणसी।सीर गोवर्धनपुर वार्ड नं. 23 में नगर निगम एवं संबंधित ठेकेदार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों में
भारी अनियमितता, लापरवाही और भ्रष्टाचार देखने को मिल रहा है। पूरे वार्ड की जनता आज बदहाल स्थिति में जीवन जीने को मजबूर है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों के बावजूद मौके पर पहुंचकर निरीक्षण तक नहीं कर रहे हैं।
वार्ड में कई स्थानों पर सीवर एवं पाइप लाइन डालने के बाद ढक्कन तक नहीं लगाए गए हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कई गलियों में आधा-अधूरा निर्माण कर छोड़ दिया गया है — कहीं 5 फीट तो कहीं 10 फीट सड़क छोड़ दी गई है। कई जगह बिना जल निकासी की उचित व्यवस्था किए ही ढलई का कार्य करा दिया गया, जिससे गंदा पानी गलियों में भर रहा है और लोगों का चलना दूभर हो गया है।
स्थिति इतनी गंभीर है कि कुछ सकरी गलियों को दिसंबर महीने से खोदकर छोड़ दिया गया है, जहां सीवर पाइप डालने के बाद आज तक कार्य पूरा नहीं कराया गया। स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को रोज भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात आने से पहले यदि कार्यों को मानक के अनुसार पूरा नहीं कराया गया तो स्थिति और भयावह हो सकती है।
क्षेत्रीय जनता द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के कारण कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ठेकेदार मनमाने तरीके से बिना नियम-कानून के कार्य कर रहा है और अधिकारी कभी भी मौके पर निरीक्षण करने नहीं आते।
यदि आने वाले कुछ दिनों में अधिकारियों का यही रवैया बना रहा और कार्यों को सही तरीके से पूरा नहीं कराया गया, तो क्षेत्रीय जनता मजबूर होकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन एवं संबंधित विभाग की होगी।



