जवानों के मानसिक स्वास्थ्य पर दिया गया विशेष जोर
कमांडेंट ने चिकित्सकों को किया सम्मानित
वाराणसी । 95वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के प्रांगण में सोमवार को इंस्टिट्यूट ऑफ इंग्लिश एंड पर्सनालिटी डेवलपमेंट द्वारा निशुल्क चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर ने किया।
शिविर के दौरान संस्थान की निदेशिका एवं मनोचिकित्सक प्रीता शाहू ने जवानों के मानसिक स्वास्थ्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ड्यूटी के दबाव और व्यस्त दिनचर्या के बीच मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने जवानों को तनाव प्रबंधन के विभिन्न उपाय भी बताए।
कार्यक्रम के समापन पर कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर ने सभी चिकित्सकों को अंग वस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया तथा इस पहल के लिए संस्थान का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सीआरपीएफ की ओर से सेकंड इन कमांड आलोक कुमार, सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार सिंह, शिवमोहन दीक्षित सहित बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।
