भदोही में पत्रकार प्रेस क्लब इकाई का आई-कार्ड वितरण एवं सम्मान समारोह संपन्न
भदोही। जिले के ज्ञानपुर स्थित जिला पंचायत सभागार में रविवार को पत्रकार प्रेस क्लब भदोही इकाई की ओर से आई-कार्ड वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार राजेश मिश्रा ने की। समारोह के मुख्य अतिथि एक दैनिक समाचार पत्र के कार्यकारी संपादक एवं पत्रकार प्रेस क्लब के संस्थापक/प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम पाठक रहे।
मुख्य अतिथि घनश्याम पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता ही लोकतंत्र की असली रीढ़ है। आज देश और प्रदेश के कोने-कोने में कलमकारों का दर्द बढ़ता जा रहा है। लोकतंत्र का प्रहरी कहे जाने वाले पत्रकार वर्तमान समय में सबसे अधिक असुरक्षित और उपेक्षित वर्ग बनते जा रहे हैं। जिनकी कलम से भ्रष्टाचार का पर्दाफाश होता है और जिनकी आवाज़ से जनता को न्याय मिलता है, वही पत्रकार आज स्वयं असहाय महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सबसे बड़ी पीड़ा यह है कि जब वे सच्चाई सामने लाते हैं तो उन पर झूठे मुकदमे लाद दिए जाते हैं। किसी घोटाले का खुलासा होते ही पुलिस-प्रशासन की मिलीभगत से प्रताड़ना का सिलसिला शुरू हो जाता है। श्री पाठक ने कहा कि गलत को गलत और सही को सही कहने का साहस ही सच्ची पत्रकारिता की पहचान है। समाज सुधार से लेकर आज़ादी की लड़ाई तक पत्रकारों ने राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है और आज के दौर में यह जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकार प्रेस क्लब निर्भीक कलम और निष्पक्ष दृष्टि के साथ जनहितैषी पत्रकारिता को अपना संकल्प मानते हुए अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ डटकर खड़ा है। सच को सामने लाना और समाज की आवाज़ बनना ही संगठन की पहचान है।
समारोह में प्रदेश सलाहकार सचिव/प्रदेश मीडिया प्रभारी दीपक मिश्रा, प्रदेश सांस्कृतिक मंत्री अनीश मिश्रा, मंडल अध्यक्ष विंध्याचल राहुल सिंह, मंडल महासचिव राजेश मिश्रा, मंडल उपाध्यक्ष सुरेश कुमार मिश्रा, जिलाध्यक्ष दिलीप दुबे, जिला महासचिव विष्णु दुबे, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार सरोज, जिला संयोजक आशीष सोनी, जिला संगठन मंत्री उमेश दुबे, जिला सचिव विकास मिश्रा, तहसील अध्यक्ष औराई आनंद तिवारी, तहसील अध्यक्ष भदोही पंकज बिंद सहित उमेश पाण्डेय, सुभाष सिंह, अरुण मिश्रा, मेराज, राजकुमार गौतम, कमलेश, विजय प्रताप सिंह, विकास पाण्डेय, राधेकृष्ण तिवारी, रोशनी मल्होत्रा, अरुण मिश्रा, मनोज वर्मा आदि पत्रकार उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान पत्रकारों को आई-कार्ड वितरित किए गए तथा संगठन की मजबूती और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
#GhanshyamPathak #Journalism #FourthPillarOfDemocracy #Democracy #FreePress #लोकतंत्र #निष्पक्ष_पत्रकारिता #चौथा_स्तंभ #अभिव्यक्ति_की_आजादी #सत्यमेव_जयते #EthicsInJournalism #MediaResponsibility #Truth #SocialAwareness #IndianMedia #PressFreedom #GhanshyamPathakQuotes
