वाराणसी। स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल करते हुए वाराणसी जिले ने 24 घंटे के भीतर 1,02,446 महिलाओं की स्तन कैंसर जाँचें सफलतापूर्वक पूरी करके एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस विशाल और संगठित प्रयास को इंडियन बुक ऑफ़ रिकार्ड्स ने मान्यता प्रदान करते हुए जिले को आधिकारिक प्रमाणपत्र सौंपा है।
यह रिकॉर्ड-ब्रेकिंग अभियान गत 29 सितंबर, 2025 को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संपन्न किया गया था। यह जाँचें जिला अस्पताल के साथ-साथ सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) एवं आरोग्य मंदिरों पर आयोजित की गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संदीप चौधरी ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और जागरूकता की दिशा में एक मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान करना और उपचार के लिए उन्हें जागरूक करना है।
सीएमओ डॉ. चौधरी ने इस सफलता का श्रेय बड़ी संख्या में भागीदारी करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों को दिया, जिनके संयुक्त प्रयासों से यह कीर्तिमान संभव हो पाया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने वाराणसी के इस प्रयास को निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की महत्ता को रेखांकित करने वाला एक आवश्यक कदम बताया है। उनका कहना है कि इस तरह के जन-जागरूकता अभियान लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत करने और गंभीर बीमारियों से बचाव में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।



Un cho se puchho kaise frji kam krya h
जवाब देंहटाएं