वाराणसी पुलिस की मुस्तैदी: ऑटो में छूटा ₹2 लाख के जेवरात और नकदी से भरा बैग चंद घंटों में बरामद,

  झारखंड के श्रद्धालु के चेहरे पर लौटी मुस्कान

वाराणसी। धर्मनगरी काशी में पूजा का सामान खरीदने आए एक श्रद्धालु का ऑटो में छूटा नकदी और चांदी से भरा बैग कमिश्नरेट पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में सुरक्षित बरामद कर लिया। सिगरा थाना पुलिस और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) की संयुक्त सतर्कता से पीड़ित को उनका पाई-पाई सामान वापस मिल गया, जिस पर पीड़ित परिवार ने वाराणसी पुलिस का आभार जताया।

पूजा सामग्री खरीदने रांची से सपरिवार काशी पहुंचे थे श्रद्धालु

झारखंड के रांची (नाड़ी मोर बाड़ी) निवासी मुकेश सोनी (पुत्र स्वर्गीय भैरव प्रसाद) अपने परिवार के साथ धार्मिक अनुष्ठान और पूजा का सामान खरीदने वाराणसी आए थे। यात्रा के दौरान वे लहरतारा से ऑटो रिक्शा में सवार होकर कैंट पहुंचे। जल्दबाजी में उतरते वक्त उनका जरूरी सामान और नकदी से भरा बैग उसी ऑटो में छूट गया।

बैग में था ₹2 लाख का माल

ऑटो के आगे निकल जाने के बाद जब पीड़ित को बैग का ध्यान आया तो उनके होश उड़ गए। बैग में:

  • ₹1,40,000 नकद
  • 100 ग्राम चांदी का सिक्का व चांदी की बतिया (कीमत लगभग ₹60,000)
  • अन्य जरूरी कागजात व निजी सामान

कुल मिलाकर करीब दो लाख रुपये की संपत्ति ऑटो में छूट चुकी थी। पीड़ित ने बिना देर किए मामले की सूचना थाना सिगरा पर दी।


कमांड सेंटर के कैमरों ने खोला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिगरा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। कमांड सेंटर के प्रभारी राजेश एवं उनकी टेक्निकल टीम ने लहरतारा से कैंट रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। फुटेज के सटीक विश्लेषण और मैपिंग की मदद से संबंधित ऑटो की पहचान कर ली गई। इसके बाद स्थानीय पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ऑटो चालक से संपर्क साधा और पूरा बैग सुरक्षित बरामद कर लिया।

सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र की कार्यशैली की सराहना

थाना परिसर में जब पीड़ित मुकेश सोनी को उनकी पूरी नकदी और चांदी का सामान जस का तस सौंपा गया, तो उनकी आंखें खुशी से भर आईं। उन्होंने कमिश्नरेट पुलिस और कमांड सेंटर की टीम को दिल से धन्यवाद दिया।

सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार अपराधियों पर नकेल कसने और आम नागरिकों व श्रद्धालुओं की त्वरित मदद करने के अभियान चल रहे हैं। इस त्वरित बरामदगी ने एक बार फिर साबित किया कि कमिश्नरेट पुलिस की तीसरी आंख (CCTV) और जमीनी मुस्तैदी शहर में आने वाले हर श्रद्धालु और नागरिक की सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने