गोबर विवाद के बाद बढ़ा तनाव: रमना में ग्राम प्रधानों की बैठक, सोशल मीडिया टिप्पणी पर मुकदमे की मांग*

 वाराणसी। स्वामी जी की कुटिया और गौ माता को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवेश पटेल के नेतृत्व में रमना स्वास्थ्य केंद्र पर दर्जनों ग्राम प्रधानों के साथ बैठक हुई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए।


बताया जा रहा है कि रास्ते पर गिरे गोबर को लेकर शुरू हुआ विवाद सोशल मीडिया पर कथित टिप्पणियों तक पहुंच गया। इससे पहले सीर गोवर्धनपुर के लोगों की ओर से रमना ग्राम प्रधानपति अमित पटेल के खिलाफ तहरीर दी गई थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि और विभिन्न गांवों के प्रधान रमना पहुंचे।


बैठक में सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। मौजूद लोगों ने संबंधित लोगों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने की मांग पर सहमति जताई।


ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवेश पटेल ने कहा कि ग्राम प्रधान की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से माफी मांगने के बाद भी उनके खिलाफ लगातार टिप्पणी क्यों की जा रही है, यह सवाल है।


वहीं, अमित पटेल ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की थी। लोगों की आपत्ति के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से माफी मांगते हुए कहा था कि उनकी किसी बात से किसी को ठेस पहुंची हो तो वह इसके लिए क्षमा चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हैं। अमित पटेल ने पार्षद राम सिंह उर्फ कल्लू पर धमकी देने का भी आरोप लगाया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने