वाराणसी। सावन के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर में यादव समाज के हजारों श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। इस अवसर पर लगभग 2000 यादव बंधु पारंपरिक वेशभूषा में नंगे पांव कांवड़ यात्रा निकालते हुए बाबा का अभिषेक करेंगे
।
यादव समाज के प्रमुख सुनील कुमार यादव उर्फ करिया विधायक ने बताया कि यह धार्मिक यात्रा सीर गोवर्धनपुर से प्रारंभ होती है। श्रद्धालु अपने कंधों पर कलश लेकर अस्सी घाट पहुंचते हैं, जहां गंगा जल भरने के बाद मुमुक्षु भवन और लंका मार्ग से होते हुए बीएचयू स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर पहुंचते हैं। यहां सभी श्रद्धालु विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं।
उन्होंने बताया कि इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए बीएचयू प्रॉक्टोरियल बोर्ड द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर परिसर में तीन अलग-अलग बैरिकेडिंग बनाई जाती हैं, जिनमें महिलाओं, पुरुषों तथा विश्वविद्यालय के छात्रों एवं कर्मचारियों के लिए अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था रहती है। जब यादव बंधुओं का जत्था जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचता है, तब कुछ समय के लिए अन्य श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया जाता है, ताकि जलाभिषेक शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
जलाभिषेक के उपरांत विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित वासुदेव मंदिर में तैयार लगभग 200 किलोग्राम प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाता है। सुनील कुमार यादव ने बताया कि यह धार्मिक परंपरा लगभग 50 वर्षों से निरंतर चली आ रही है, जो समाज को सनातन संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता के सूत्र में बांधने का कार्य कर रही है।
