विक्की मध्यानी
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में एलआईसी एजेंट द्वारा फर्जी पॉलिसी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अपर पुलिस आयुक्त के आदेश पर शिवपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की 6 धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
FIR में ये धाराएं
थाना शिवपुर में 06/07/2026 को सुबह 08:01 बजे FIR संख्या 0297 दर्ज की गई है। आरोपी धीरज कुमार श्रीवास्तव पुत्र स्व. चन्द्रमौली लाल निवासी मकान नं. 29/320E, पंचकोशी मार्ग, हनुमान मंदिर, लालीजी कुआं, शिवपुर के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 189(3), 319(2), 318(4), 131, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
क्या है पूरा मामला
प्रार्थी *लोलारख नाथ* पुत्र स्व. रामनाथ निवासी ग्राम-बेलोना खुर्द, पोस्ट-बेलोना कला, थाना बरसठी, जिला जौनपुर, हाल पता गणेशपुर, थाना शिवपुर, वाराणसी ने तहरीर में बताया कि आरोपी धीरज वर्ष 2006 से उनके संपर्क में था। भरोसा जीतकर उसने प्रार्थी, पत्नी, भाई गोरखनाथ और पड़ोसियों आजाद प्रजापति, हीना व ममता चौधरी के नाम एलआईसी पॉलिसियां कराईं।
तहरीर के अनुसार आरोपी ने अलग-अलग पॉलिसियों के नाम पर हर तिमाही/वार्षिक किस्त वसूली।
- पॉलिसी सं. 267570825 - 5254 रुपये तिमाही
- पॉलिसी सं. 267574404 - 9290 रुपये तिमाही
- पॉलिसी सं. 274703993 - 6020 रुपये वार्षिक
- पॉलिसी सं. 566533004 - 5311 रुपये तिमाही
- पॉलिसी सं. 244452805 - 9067 रुपये तिमाही
- पत्नी लक्ष्मी जायसवाल की पॉलिसी सं. 244453136 - 8443 रुपये तिमाही
- अन्य 2 पॉलिसियां - 3604 रुपये और 5613 रुपये तिमाही
इसके अलावा भाई गोरखनाथ के नाम 15.07.2023 को 1,50,000 रुपये की 1 वर्ष की फिक्स डिपॉजिट भी कराई। वर्ष 2025 तक सभी किस्तें आरोपी को दी जाती रहीं।
फर्जी रसीद और धमकी का आरोप
15.09.2024 को जब मां के इलाज के लिए फिक्स डिपॉजिट तुड़वानी चाही तो आरोपी ने 6 महीने का समय मांगा। शक होने पर 6 मार्च 2025 को सभी रसीदों की एलआईसी कार्यालय में जांच कराई गई तो पता चला कि कोई भी रकम कंपनी में जमा नहीं हुई है और सभी रसीदें फर्जी हैं।
पैसा मांगने पर आरोपी, उसके भाई राजीव, पत्नी कामिनी और अन्य परिजनों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। कहा कि "यहां से भाग जाओ, नहीं तो फर्जी मुकदमे में फंसा देंगे।"
शिवपुर पुलिस ने बताया कि फर्जी रसीदों, दस्तावेजों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
