यह तरीका आजमाया तो आपका बैंक एकाउंट हो सकता है खाली
फर्जी एसबीआई शाखा प्रबंधक बनकर ठग ने खाते से उड़ाए 1.51 लाख रुपये
विक्की मध्यानी
वाराणसी - शिवपुर थाना क्षेत्र के तरना स्थित शांति नगर कॉलोनी निवासी राजेश यादव साइबर ठगी का शिकार हो गए। गूगल पर एसबीआई शाखा का मोबाइल नंबर सर्च करना उन्हें महंगा पड़ गया। साइबर अपराधी ने खुद को एसबीआई शिवपुर शाखा का प्रबंधक बताकर उनके खाते से 1 लाख 51 हजार 622 रुपये पार कर दिए।
जानकारी के अनुसार राजेश यादव अपनी माता का नया बैंक खाता खुलवाने के लिए गूगल पर एसबीआई शिवपुर शाखा प्रबंधक का मोबाइल नंबर खोज रहे थे। सर्च में मिले नंबर पर कॉल करने पर दूसरी ओर से बात करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम आशीष कुमार बताया और खुद को शाखा प्रबंधक बताया। बातचीत के दौरान उसने राजेश को एक एपीके फाइल डाउनलोड कराई और नेट बैंकिंग से जुड़ी पूरी जानकारी हासिल कर ली।
डिटेल मिलते ही ठग ने पहले 50 हजार रुपये निकाले। इसके बाद दोबारा 1 लाख 1 हजार 622.59 रुपये एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड बिल भुगतान के नाम पर ट्रांसफर कर लिए। खाते से बड़ी रकम निकलने पर राजेश को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और शिवपुर थाने में प्रार्थना पत्र दिया।
शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस गूगल पर फर्जी नंबर डालने वाले गिरोह और एपीके फाइल के जरिए ठगी करने वाले साइबर अपराधियों की तलाश में जुटी है।
