चंदौली: जमीनी विवाद में किसान को मारी गोली, हालत नाजुक !

इलिया थाना क्षेत्र के डेहरी खुर्द गांव में सनसनी, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर 



अशोक जायसवाल


चंदौली । इलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डेहरी खुर्द गांव में जमीनी विवाद को लेकर रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक किसान को गोली मार दी। गोली लगने से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।



जानकारी के अनुसार, डेहरी खुर्द गांव निवासी किसान तेजबली चौहान (42) रविवार शाम करीब 6:30 बजे गांव की दुकान से किराने का सामान लेकर साइकिल से चकिया–इलिया मार्ग होते हुए घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सावरसोत मोड़ के पास पहुंचे, तभी ब्लैक रंग की एक वाहन से आए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब तीन राउंड फायरिंग की गई, जिसमें एक गोली उनके पेट में जा लगी। गोली लगते ही तेजबली साइकिल से गिर पड़े और सड़क पर तड़पने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किसान को तत्काल इलिया स्थित एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया। सूचना मिलते ही इलिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में घायल को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर और सीओ चकिया रघुराज मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साइकिल पर पड़े खून के धब्बों समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि डेहरी खुर्द गांव निवासी तेजबली चौहान को गोली मारी गई है। पहले उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से वाराणसी रेफर किया गया। परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। परिवार द्वारा कुछ लोगों के नाम बताए गए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

वहीं घायल किसान की पत्नी और बच्चों ने गांव के ही रवि शंकर मिश्रा पर गोली मारने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। बिहार बॉर्डर पर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

#Chandauli (चंदौली)


#ZaminiVivad (जमीनी विवाद)


#CrimeUpdate (क्राइम अपडेट)


#UPNews (यूपी न्यूज)


#KisanNews (किसान न्यूज)


#BreakingNews (ब्रेकिंग न्यूज)


#LawAndOrder (कानून व्यवस्था)

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने