लंका पुलिस की बड़ी कामयाबी
वाराणसी।
लंका थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 27 वर्षों से फरार चल रहे एक सनसनीखेज हत्या के अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त कल्लू सिंह उर्फ त्रिभुवन सिंह पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।
कमिश्नरेट वाराणसी के पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चल रहे "जीरो टॉलरेंस" अभियान के तहत यह गिरफ्तारी की गई। आरोपी 1997 में हुए दो गंभीर आपराधिक मामलों हत्या और हत्या के प्रयास में वांछित था।
घटना का विवरण:
दिनांक 17 अप्रैल 1997 को हैरिटेज अस्पताल के तत्कालीन प्रशासनिक अधिकारी विधानचंद तिवारी, जब अस्पताल परिसर में फाइलों पर हस्ताक्षर कर रहे थे, तभी दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। वहीं घटना में राजेश कुमार और महंथ यादव भी घायल हुए थे। इसी दिन नैपुरा कला क्षेत्र में मायाराम नामक व्यक्ति को भी गोली मारी गई थी, जिसके बाद दोनों मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए।
पुलिस जांच के दौरान बालेन्द्र सिंह उर्फ बल्ला और कल्लू सिंह उर्फ त्रिभुवन का नाम सामने आया। बालेन्द्र सिंह बाद में चंदौली पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया, जबकि कल्लू सिंह फरार हो गया था। उसके खिलाफ कुर्की की कार्यवाही भी हुई और न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट जारी किया गया था।
हाल ही में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कल्लू सिंह गुजरात में पहचान बदलकर छिपा हुआ है। इस सूचना के आधार पर लंका थाना की टीम ने गुजरात में दबिश दी और स्थानीय पुलिस की सहायता से अभियुक्त की पहचान कर उसे वाराणसी लाया गया, जहां वादी मुकदमा द्वारा उसकी पहचान की गई। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद 22 जून 2025 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियुक्त के विरुद्ध पंजीकृत अभियोग:
मु0अ0सं0 0058/1997 – धारा 307/302 भा0द0वि0, थाना लंका
मु0अ0सं0 0058ए/1997 – धारा 307 भा0द0वि0, थाना लंका
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
नाम: कल्लू सिंह उर्फ त्रिभुवन
पिता का नाम: सिद्धनारायण सिंह उर्फ सिद्धि
निवासी: भगवतीपुर, थाना लंका, वाराणसी
गिरफ्तारी तिथि: 22.06.2025
गिरफ्तारी करने वाली टीम:
शिवाकान्त मिश्र प्रभारी निरीक्षक, थाना लंका
उपनिरीक्षक सिद्धान्त कुमार राय
कांस्टेबल विजय कुमार सिंह
कांस्टेबल विजय कुमार शुक्ला।
