परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या और अस्पताल पर लगाया गंभीर आरोप
![]() |
| मैक्स वेल अस्पताल |
चंदौली/वाराणसी। चंदौली जनपद के शाहबगंज थाना क्षेत्र के राममाड़ो गांव निवासी सियाराम ने अपनी पुत्री रवीना कुमारी की संदिग्ध मौत को लेकर ससुराल पक्ष के साथ-साथ वाराणसी के मैक्सवेल हॉस्पिटल पर भी गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि बेटी की जान बच सकती थी, अगर अस्पताल समय पर जानकारी देता और इलाज में पारदर्शिता रखता।
रवीना की शादी 11 जून 2024 को चाँद थाना क्षेत्र के चंद्र सहाय से हुई थी। 5 मई 2025 को ससुराल पक्ष ने परिजनों को सूचना दी कि रवीना बीमार है और चंदौली के एक निजी अस्पताल में भर्ती है, जहां से उसे वाराणसी स्थित मैक्सवेल हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल प्रशासन ने घंटों तक छिपाई जानकारी, मिलने नहीं दिया मरीज से
रवीना के पिता सियाराम के मुताबिक जब वे मैक्सवेल हॉस्पिटल पहुंचे, तो उन्हें न तो रवीना से मिलने दिया गया और न ही उसकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी दी गई। कई घंटे बाद अचानक बताया गया कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी है। परिजन इसे अस्पताल की बड़ी लापरवाही बता रहे हैं और पूरे मामले की जांच की मांग कर रहे हैं।
दहेज के लिए प्रताड़ना, 20 लाख की मांग का आरोप
परिजनों ने बताया कि रवीना को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। रक्षाबंधन पर उसने खुद फोन कर बताया था कि ससुराल वाले मायके से 20 लाख रुपये लाने के लिए दबाव बना रहे हैं। इनकार करने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
पुलिस से न्याय की अपील
मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पति, सास, ससुर, देवर समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और मैक्सवेल हॉस्पिटल की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
.jpeg)
