रक्तदान की मिसाल: डॉ. सौरभ मौर्य ने 227वीं बार किया रक्तदान

कैंसर मरीज के लिए प्लेटलेट देकर दिखाई मानवीय संवेदना

वाराणसी। साधना फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सौरभ मौर्य ने मानव सेवा की दिशा में एक और उल्लेखनीय कदम उठाते हुए 227वीं बार रक्तदान किया। उनके रक्तदान में 55 बार व्होल ब्लड और 172 बार प्लेटलेट डोनेशन शामिल है।

शनिवार को वाराणसी के कैंसर अस्पताल में भर्ती एक मरीज को प्लेटलेट की आवश्यकता होने पर डॉ. मौर्य ने स्वयं अस्पताल पहुंचकर प्लेटलेट दान किया। इसके अलावा मरीज के लिए दो यूनिट रक्त की व्यवस्था भी कराई।

डॉ. मौर्य ने बताया कि सेंट्रल बार एसोसिएशन वाराणसी के पूर्व अध्यक्ष विवेक शंकर तिवारी ने देर रात फोन कर एक कैंसर मरीज के लिए प्लेटलेट और रक्त की जरूरत बताई थी। सूचना मिलने के बाद उन्होंने तुरंत अस्पताल पहुंचकर मदद की।

स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय डॉ. मौर्य साधना फाउंडेशन के माध्यम से लगातार लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते रहते हैं। उनका कहना है कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और इससे कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।

फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने उनके इस योगदान को समाज के लिए प्रेरक बताया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने