राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा आंतरिक सुरक्षा के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण की शपथ
सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन कियें अर्पित
अचूक रणनीति
वाराणसी। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शुक्रवार को वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर परिक्षेत्रीय कार्यालय में डीआईजी वैभव कृष्ण ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद उपस्थित शाखा प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा आंतरिक सुरक्षा के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
डीआईजी ने सरदार पटेल के राष्ट्र के एकीकरण में अतुलनीय योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
इस दौरान परिक्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
